प्रयागराज। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सर्किट हाउस में गुरूवार को एनएचआई, एनएच, लोक निर्माण विभाग, सेतुनिगम अधिकारियों के साथ प्रयागराज एवं कौशाम्बी के निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। प्रयागराज में उप्र राज्य सेतु निगम द्वारा कराये जा रहे निमार्णाधीन परियोजनाओं एवं प्रयागराज में प्रस्तावित सेतुओं, आरओबी एवं नदी सेतु की प्रगति के सम्बंध में जानकारी ली। बेगम बाजार में बन रहे दो लेन उपरिगामी सेतु के काम में रूकावट के सम्बंध में कहा कि जल्द ही रक्षा मंत्री से इस विषय पर चर्चा कर इसका रास्ता निकाल लिया जायेगा।
उन्होंने भीरपुर-मेजा मार्ग पर बनाये जा रहे दो लेन रेल उपरिगामी सेतु के निर्माण कार्य को समय से पूरा कराने का निर्देश दिया। उपमुख्यमंत्री ने नारीबारी-कोरांव में टोंस नदी पर बन रहे सेतु निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी ली और कहा कि निमार्णाधीन परियोजनाओं में गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाये। जहां भी निर्माण कार्य लगभग पूरे हो चुके हो, वहां पड़े हुए स्क्रैप को जल्द से जल्द हटा ले, जिससे लोगो को असुविधा का सामना न करना पड़े।
कौशाम्बी में सिराथू स्थित समसा चौराहे पर बनाये जा रहे उपरिगामी सेतु के निर्माण को समय से पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही चायल विधानसभा क्षेत्र में कौशाम्बी पर्यटन स्थल को प्रयागराज-मुख्यालय वाया एयरपोर्ट से फोर लेन से जोड़ने हेतु किलनही नदी पर दो लेन सेतु के निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर पूरा करने का निर्देश दिया। इलाहाबाद-बामपुर मार्ग पर बनाये जा रहे दो लेन रेल उपरिगामी सेतु के निर्माण में अधिग्रहण से सम्बंधित समस्या को जल्द सुलझाने के लिए कहा। भूमि अधिग्रहण से सम्बंधित कार्य को जल्द से जल्द पूरा करते हुए कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा कराया जाये।
उपमुख्यमंत्री ने पीडब्लूडी विभाग द्वारा कराये जा रहे निर्माणाधीन कार्यों के बारे में जानकारी ली। रामपुर से भड़ेवरा तक कराये जाने वाले चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य में आ रही रूकावटों को दूर करते हुए कार्य को जल्द प्रारम्भ कराने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में सांसद फूलपुर केशरी देवी पटेल, विधायक बारा, शहर उत्तरी, मेजा, फाफामऊ सहित जनपद के अन्य प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
यह खबर भी पढ़े: मथुरा : प्रेमी युगल सुसाइड करने गेस्ट हाउस पहुंचे, प्रेमिका की गोली मारकर हत्या, प्रेमी गिरफ्तार