वाराणसी। नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के आंदोलन समर्थन में शनिवार को कांग्रेस के प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन में स्थानीय कार्यकर्ता भी सड़क पर उतर आये। जिला और महानगर कमेटी के बैनर तले कचहरी शास्त्री घाट पर जुटे कार्यकर्ताओं ने किसानों पर अत्याचार का आरोप लगा केन्द्र और हरियाणा सरकार पर जमकर हमला बोला।
जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि हरियाणा पंजाब सहित देश के हर जगहों पर किसानों पर अत्याचार हो रहा है। सरकार के ढुलमुल रवैया से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नेताओं ने कहा कि यह सरकार सिर्फ चुनावी दौर में किसानों को याद करती है। यह सरकार किसान हितैषी नहीं किसान विरोधी है।
नेताओं ने कहा कि जायज मांग के लिए प्रदर्शन कर रहे किसानों के आगे सरकार को झुकना होगा। यह किसान ही हमारे अन्नदाता हैं। इन पर बर्बरता कांग्रेस के कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे। अन्य नेताओं ने कहा कि किसानों के साथ इस तरह का बर्बर बर्ताव भाजपा को छोड़कर किसी भी पार्टी ने नही किया है। ये वही लोग हैं जिन्होंने किसानों से कहा था कि वे न केवल ऋण माफ करेंगे, बल्कि ऐसी नीतियां लाएंगे जो किसानों की आय दोगुनी करेंगी। इनकी नीतियों से परेशान किसान सड़कों पर उतरकर संघर्ष करने को विवश है।
किसानों की मांगों को मानने के बजाए भाजपा सरकारें किसानों पर बर्बर लाठीचार्ज, आंसू गैस और पानी की बौछारें डालकर उनका उत्पीड़न कर रही हैं और उनकी आवाज दबाना चाहती हैं। प्रदर्शन के बाद नेताओं ने अपनी मांगों का ज्ञापन एसीएम चतुर्थ को सौंपा।
यह खबर भी पढ़े: टीवी चैनलों पर प्रसारित होने वाले कुछ कंडोम एड अश्लील फिल्मों की तरह दिखते हैं, युवाओं के दिमाग को करते हैं प्रभावित: हाईकोर्ट
यह खबर भी पढ़े: कोरोना वैक्सीन को लेकर बड़ी खबर, भारत में तैयार होगी स्पुतनिक वी की 10 करोड़ खुराक