मुंबई। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर के मौजूदा विधायक भारत भालके का शुक्रवार देर रात पुणे के रूबी हॉल अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें कोविड-19 के बाद की समस्याओं के उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। वह 30 अक्तूबर को कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। तब उन्हें रूबी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे चार दिनों में ठीक होकर अपने घर लौट गए थे।
इसके बाद वे किडनी समस्या से ग्रसित हो गए थे। इस कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने शुक्रवार को अस्पताल का दौरा किया था और भालके की स्थिति के बारे में जानकारी ली थी। लगातार तीन बार पंढरपुर-मंगलवेधा सीट से जीते
बता दें की 60 साल के भालके का निधन एनसीपी के लिए झटके की तरह है। वे लगातार तीन बार पंढरपुर-मंगलवेधा विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। उन्होंने 2019 में कांग्रेस छोड़ दी और भाजपा में शामिल हो गए थे, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। फिर उन्होंने एनसीपी के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। पंढरपुर के सरकोली में रविवार को भालके का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
यह खबर भी पढ़े: PM Modi Visit: अहमदाबाद में Zydus बायोटेक पार्क पहुंचे प्रधानमंत्री, कोरोना वैक्सीन की तैयारियों का ले रहे हैं जायजा, दोपहर एक बजे हैदराबाद पहुंचेंगे मोदी