सिरोही। प्रदेश के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में कड़ाके की सर्दी और पारे में लगातार हो रही गिरावट से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। यहां मंगलवार को न्यूनतम तापमान 1 डिग्री दर्ज किया गया। इससे खुले इलाकों में खड़े वाहनों की छतों पर हल्की बर्फ की परत जमी रही। देश-प्रदेश से सैर-सपाटे के लिए यहां आ रहे सैलानी मौसम का भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं।
माउंट आबू के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पारे में हो रही गिरावट से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में पड़ रही सर्दी का असर माउंट आबू में देखने को मिल रहा है। ठिठुरन बढऩे से लोगों की धूजणी छूट गई है। मंगलवार को भी पोलो ग्राउंड सहित मैदानी इलाकों में ओस की बूंदे जमीं रही। खुले स्थानों पर खड़ी कारों की छतों पर बर्फ की परत जम गई।
सैलानी जहां खुले स्थानों पर जमी बर्फ देखकर उत्साहित है, वहीं बच्चे बर्फ के साथ अठखेलियां कर रहे हैं। माउंट आबू में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 1 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। बढ़ती सर्दी के चलते पर्यटक और स्थानीय लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोग व सैलानी अलाव तापकर सर्दी से बचने का जतन कर रहे है। माउंट आबू में पिछले एक सप्ताह से सर्दी का प्रकोप जारी है। सर्दी के चलते स्थानीय लोगों की दिनचर्या पर खासा असर पड़ा है। लोग देर तक घरों में दुबके रहने लगे है।
यह खबर भी पढ़े: भारत का चीन को मुंह तोड़ जवाब! एक बार फिर 43 चीनी एप हटाए, यहां देखिये पूरी लिस्ट