सिडनी। विराट कोहली की अगुआई में टीम इंडिया आज वनडे सीरीज के साथ अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे का आगाज कर रही है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। दोनों टीमें 21 महीने बाद ऑस्ट्रेलिया में आमने-सामने खेल रही है।
ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान एरॉन फिंच और स्टीव स्मिथ के ताबड़तोड़ शतक की बदौलत भारत के खिलाफ 375 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य खड़ा कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट पर 374 रन बनाए, अब भारत को जीत के लिए 375 रन बनाने होंगे। एलेक्स कैरी 17 और पैट कमिंस 1 रन बनाकर नॉटआउट लौटे।
इससे पहले स्टीव स्मिथ ने 62 गेंद पर अपनी सेंचुरी पूरी की। इस दौरान स्मिथ ने 10 चौके और चार छक्के लगाए हैं। 48.2 ओवर में स्मिथ ने सिंगल रन के साथ सेंचुरी पूरी की। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के कप्तान एरोन फिंच ने ऑस्ट्रेलिया को अच्छी शुरुआत दिलाते हुए शानदार शतक जड़ा।
फिंच ने कप्तानी पारी खेलते हुए 114 रन बनाए, जबकि स्टीव स्मिथ ने ताबड़तोड़ 105 रनों की पारी खेली। इन दोनों की सेंचुरी और डेविड वॉर्नर की हाफसेंचुरी के अलावा ग्लेन मैक्सवेल ने 19 गेंद पर 45 रन बनाए। मोहम्मद शमी ने भारत की ओर से सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। शमी इकलौते ऐसे गेंदबाज रहे, जिन्होंने 6 से कम के इकॉनमी रेट से रन लुटाए।
यह खबर भी पढ़े: LIVE/ दिल्ली के दरवाजे तक पहुंचा आंदोलन, पुलिस ने मांगी 9 अस्थाई जेल बनाने की इजाजत