मुंबई। महाराष्ट्र में सियासी हलचल अचानक तेज हो गई है। मौजूदा गठबंधन सरकार को हटाकर अपनी सरकार बनाने को लेकर बीजेपी की ओर से लगातार बयानबाजी की जा रही है। अब महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि राज्य में अगली भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह भोर के बजाय एक उचित समय पर आयोजित किया जाएगा।
इससे पहले फडणवीस ने पिछले साल अचानक सुबह-सुबह सरकार बनाने का ऐलान कर चौंका दिया था। इसलिए, इस बार कह रहे हैं कि सही समय पर शपथ लेंगे। फडणवीस ने कहा कि मौजूदा महाराष्ट्र विकास अगाड़ी सरकार से जनता नाराज है। उनकी सरकार गिरने के बाद हम सरकार बनाएंगे। उनका यह बयान 2019 महाराष्ट्र चुनावों के बाद भाजपा द्वारा 80 घंटे की सरकार बनाने के ठीक एक साल बाद आया।
अल्पकालिक सरकार का गठन भाजपा नेता देवेंद्र फड़नवीस ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजीत पवार के समर्थन से किया था। 23 नवंबर, 2019 को फडणवीस और पवार ने मुंबई के राजभवन में क्रमशः मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। हालांकि उनकी सरकार 80 घंटे ही चल पाई थी।
बता दें कि फडणवीस का बयान से पहले सोमवार को केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे पाटिल ने कहा था कि भाजपा अगले 2 से 3 महीनों में महाराष्ट्र में सरकार बनाएगी। इसके लिए पार्टी ने तैयारी भी की है। वे औरंगाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अगले महीने होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए परभणी में चुनाव प्रचार के लिए गए थे।
यह खबर भी पढ़े: Live Update/ भारत में कोरोना का कहर जारी, बीते 24 घंटे में मिले 40 हजार के करीब नए केस, अब तक 1,34,218 मरीजों ने दम तोडा