दक्षिण दिनाजपुर। पश्चिम बंगाल में जैसे-जैसे 2021 के विधानसभा का चुनाव करीब आता जा रहा है वैसे-वैसे विपक्षी कार्यकर्ताओं की हत्याएं बढ़ती ही जा रही हैं। बुधवार को फिर एक भाजपा कार्यकर्ता की हत्या करने का आरोप सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के लोगों पर लगा है। घटना दक्षिण दिनाजपुर जिले के कुशमुंडी विधानसभा के बांसपाड़ा गांव में घटी है।
दक्षिण दिनाजपुर के भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष अभिषेक सेनगुप्ता ने बताया कि मृतक का नाम स्वाधीन राय है। वह बांसपाड़ा गांव के एक नंबर के बूथ प्रेसिडेंट थे। आज दोपहर को ग्रामवासियों ने उनकी लाश गांव के किनारे देखी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पूरे राज्य में भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या की जा रही है उससे साफ है कि सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा से डर गयी है। हत्याओं के जरिए हमें रोका नहीं जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस को इसकी निष्पक्ष जांच करनी होगी। भारतीय जनता पार्टी इसे लेकर निश्चित तौर पर आंदोलन करेगी। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता लगातार दावा करते रहे हैं कि बंगाल में उनके 100 से अधिक कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतार दिया गया है।
यह खबर भी पढ़े: पद के लालची नहीं थे अहमद पटेल : राज ठाकरे