बागपत। बागपत जनपद के गाधी गांव में दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। फेसबुक पर युवती के संबंध में टिप्पणी करने के विवाद के बाद हुए संघर्ष के आठ दिन बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर सोमवार को हमला कर दिया जिसमें पूर्व प्रधान के भतीजे की जान चली गयी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
एक तरफ जनपद में रक्षाबंधन का त्यौहार धूमधाम से मनाया जा रहा था वहीं दूसरी तरफ बागपत जनपद का गाधी गांव नफरत की आग में झुलस गया। दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष में रवित नाम के व्यक्ति की जान चली गई। मृतक व्यक्ति पूर्व प्रधान सुनीता देवी का पुत्र है। पूर्व प्रधान सुनीता देवी के बेटे कुलदीप का कहना है की रवित सोमवार सुबह कयामपुर गांव से घर लौट रहा था। रास्ते में कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और उस पर फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से भतीजे रवित की मौत हो गयी। हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर पुलिस बल के साथ एएसपी अनित और एसपी अजय कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल की। कोतवाली पुलिस ने रवित के शव को कब्जे में ले लिया। घटना से दोनों पक्षों में तनाव बताया जा रहा है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों का पूर्व में विवाद हुआ था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था, लेकिन किसी की कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। आज एक पक्ष ने रवित की गोली मारकर हत्या कर दी। बागपत कोतवाली क्षेत्र के गाधी गांव में रामवीर शर्मा और प्रमोद कुमार पक्ष में गत 25 जुलाई को खूनी संघर्ष हुआ था जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। एफआईआर में मृत रवित समेत 16 लोग नामजद हैं लेकिन पुलिस ने एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया था। इसका अंजाम आज की घटना है।
यह खबर भी पढ़े: अयोध्या: इन कारणों से भूमि पूजन में नहीं शामिल होंगे वासुदेवानंद, उमा भारती, आडवाणी और जोशी