जोधपुर। शहर के मंडोर स्थित माता का थान में रिद्धि सिद्धि नगर में रहने वाले एक शख्स को किसी ने ठग दिया। ऑनलाइन स्कूटी बेचने का झंासा देकर खाते से 86 हजार से ज्यादा की रकम साफ करवा दी। बाद में फोन व साइट बंद कर दिया। घटनाक्रम 27 नवंबर से शुरू होकर 2 दिसबंर तक चला। गाड़ी नहीं मिलने पर पीडि़त मंडोर थाने पहुंचा और केस दर्ज करवाया। वहीं एक अन्य शख्स को खेत में मोबाइल टावर लगाने के नाम पर 36 हजार 350 रूपयों की चपत लगा दी गई।
मंडोर थानाधिकारी सुरेशकुमार सोनी ने बताया कि माता का थान स्थित रिद्धि सिद्धि नगर निवासी अशोक सिंह पुत्र शेरसिंह ने यह रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसने ऑनलाइन साइट पर स्कूटी खरीद का ऐड देखा था। तब दिए गए नंबरों पर संपर्क किया। इस पर सामने वाले शख्स ने उसे झांसे में लिया और सस्ते दाम में स्कूटी बेचना बताया। इस पर झांसे में आने के बाद अशोक को लिंक भेजा और फिर अलग अलग किश्तों में उसके खाते से 86 हजार रूपए पार हो गए। वह बुधवार को थाने पहुंचा और केस दर्ज करवाया।
उधर बनाड़ पुलिस थानाधिकारी अशोक आंजणा ने बताया कि नांदड़ाकलां निवासी मेघाराम पुत्र चौथाराम की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि गत दिनों उसने एक समाचार पत्र में मोबाइल टावर लगाने संबंधी विज्ञापन देखा। बदले में अच्छी कमाई का प्रलोभन दिया गया। इस पर दिए गए नंबर से संपर्क किया। यह नंबर प्रतापगढ़ जिले के किसी देवीलाल मीणा के थे। उसने बताया कि वह उसके खेत में मोबाइल कंपनी का टावर लगवा देगा और मासिक किराया के रूपए अच्छी इन्कम हो जाएगी। तब झांसे में आने पर मेघाराम ने उसके बताए अनुसार खातों में रूपए डालने शुरू कर दिए। कई बार उसने रूपए डाले।
आखिरकार उससे 36 हजार 350 रूपए ऐंठ लिए गए। मगर बाद में बदमाश ने फोन बंद कर दिया। कई लोगों से इस दौरान बात करवाई गई। कभी रजिस्टे्रशन के नाम पर रूपए लिए तो कभी अन्य कार्य के लिए। आखिरकार पीडि़त बनाड़ थाने पहुंचा और केस दर्ज करवाया।
यह खबर भी पढ़े: मास्क न पहनने वालों से Covid Center में सेवा करवाने के हाईकोर्ट के फैसले पर रोक